विशेष सत्र में 60 वर्षों के विकास व जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर होगी चर्चा : हरविंद्र कल्याण

WhatsApp Channel Join Now
विशेष सत्र में 60 वर्षों के विकास व जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर होगी चर्चा : हरविंद्र कल्याण


-जनप्रतिनिधियों के अनुभव से भावी पीढिय़ों को मिलता है मार्गदर्शन

चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 26 नवंबर को आयोजित होने वाला विशेष सत्र हरियाणा की 60 वर्षों के विकास, नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा होगी।

इस सत्र के माध्यम से संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और जनप्रतिनिधियों में संवैधानिक जिम्मेदारियों की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास रहेगा। प्रदेश के सभी विधायक दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस विशेष सत्र में प्रदेश की 60 वर्षों में हुई उन्नति पर सकारात्मक चर्चा कर सहभागिता करेंगे। यह भावी पीढ़ी को भविष्य के विकसित हरियाणा के निर्माण हेतु तैयार करने के लिए आवश्यक व अपेक्षित है।

विस अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा विधान सभा की ओर से 2 नवंबर से संविधान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत पंचकूला में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में सभी दलों के पूर्व व वर्तमान विधायकों और निर्दलीय जनप्रतिनिधियों की बढ़चढ़ कर सहभागिता सराहनीय रही। सम्मेलन में विभिन्न वक्ताओं द्वारा साझा किए गए विचार, अनुभव और सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण थे। इसलिए इस कड़ी में इस विशेष सत्र का विशेष महत्व है।

ये विचार संविधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने के लिए बीज मंत्र के समान हैं। विस अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के सभी विधायक 26 नवंबर को संविधान पर आयोजित विशेष सत्र में भी इसी भावना, निष्ठा और उत्साह के साथ भाग लेंगे और हमारा प्रयास रहेगा कि जनता में जनप्रतिनिधियों के प्रति निष्ठा विश्वास व आदर और अधिक होगा।

विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि विशेष सत्र में संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक व्यापक विचार-विमर्श किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान पखवाड़े के अंतर्गत दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का उद्देश्य वर्तमान और भावी पीढ़ी को वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के संघर्ष, अनुभव, संसदीय परंपराओं तथा सार्वजनिक जीवन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से परिचित कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story