विधायक ने राजौंद अनाज मंडी का किया दौरा, व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
विधायक ने राजौंद अनाज मंडी का किया दौरा, व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल


कैथल, 14 अप्रैल (हि.स.)। कलायत से कांग्रेस विधायक विकास सहारण ने मंगलवार काे राजौंद अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मंडी में मौजूद व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। विधायक सहारण ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।

उन्होंने कहा कि मंडियों में न तो पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध है और न ही बारदाने की समुचित व्यवस्था है, जिसके चलते किसानों की गेहूं की फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मंडियों में बुनियादी सुविधाओं के लिए भी जूझना पड़ रहा है।

सफाई व्यवस्था, पेयजल की कमी और जाम की समस्या किसानों को परेशान कर रही है। इसके अलावा फसल बेचने के लिए पंजीकरण, गेट पास और बायोमेट्रिक जैसी प्रक्रियाओं ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इस दौरान सहारण ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। विधायक सहारण ने यह भी आशंका जताई कि पांच राज्यों के चुनावों के बाद गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम अचानक बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार केवल सत्ता में बने रहने पर केंद्रित है और जनहित से उसका कोई सरोकार नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story