विधानसभा सत्र से पहले भाजपा ने बुलाई विधायक दल की बैठक

WhatsApp Channel Join Now

मंत्री, विधायक और विभागों के आला अधिकारी होंगे शामिल

चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र से पहले 25 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा विधायक दल की बैठक बुला ली है। इस बैठक में सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर विधायकों से रिपोर्ट ली जाएगी।

इस बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की जिलावार और विधानसभावार समीक्षा होगी। बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक और विभिन्न सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे। खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री केवल प्रगति रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घोषणाओं को पूरा करने में देरी और लापरवाही पर अधिकारियों से सीधे जवाबतलबी भी करेंगे।

सरकार के दो साल पूरे होने के बाद यह बैठक प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा के साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं की स्थिति, उनके लिए जारी बजट और अब तक हुए खर्च का ब्योरा सामने आएगा।

मुख्यमंत्री के पास वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है। ऐसे में सीएम घोषणाओं की समीक्षा का महत्व और बढ़ जाता है। प्रदेश सरकार जहां मौजूदा घोषणाओं को पूरा करने की समय सीमा और बजट खर्च का आकलन करेगी, वहीं मुख्यमंत्री वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियों में भी जुटे हैं। ऐसे में विभागवार समीक्षा के आधार पर आगामी बजट में विकास कार्यों और नई योजनाओं के लिए प्राथमिकताएं तय करने की दिशा स्पष्ट होगी।

मुख्यमंत्री की इस बैठक में विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याएं और लंबित विकास कार्य उठाने का अवसर भी मिलेगा। सभी विधायकों को पूरे रिपोर्ट कार्ड के साथ बैठक में पहुंचने के लिए कहा गया है। अधिकारी भी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इससे सरकार और विधायकों के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का संदेश भी जाने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story