विकसित हरियाणा के निर्माण में जनभागीदारी की भूमिका अहम : हरविन्द्र कल्याण

WhatsApp Channel Join Now
विकसित हरियाणा के निर्माण में जनभागीदारी की भूमिका अहम : हरविन्द्र कल्याण


संविधान पखवाड़े में विधायिका की कार्यप्रणाली के प्रति किया जाएगा जागरूक

चंडीगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि पूर्ण रूप से विकसित हरियाणा का निर्माण तभी संभव है, जब इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी हो और एक जागरूक समाज तैयार किया जाए। जनप्रतिनिधि समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोग उनकी बात सुनते हैं और उनके आचरण का अनुसरण करते हैं। इसलिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि को समाज के लिए रोल मॉडल बनकर संवैधानिक मूल्यों और जनभागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

हरविन्द्र कल्याण सोमवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में हरियाणा विधानसभा द्वारा संविधान पखवाड़े के तहत आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रदेश के वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधि एक स्थान पर एकत्र हुए हैं। यह सम्मेलन हरियाणा के 60 वर्षों के सफर को याद करने के साथ-साथ भविष्य के विकसित हरियाणा के निर्माण में अपनी भूमिका तय करने का अवसर है।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश के सभी राज्यों के विधानमंडलों और विधायिकाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 में जब हरियाणा अलग राज्य बना, तब प्रदेश के सामने सीमित संसाधन थे और प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती थी। उस समय लोगों के मन में यह सवाल था कि प्रदेश किस तरह आगे बढ़ेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभव, संघर्ष और परिश्रम से प्रदेश की तरक्की में योगदान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन के आगामी सत्रों में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के अनुभव से नए और युवा विधायकों को मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने बताया कि संविधान पखवाड़े के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जनभागीदारी बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की जाएगी।

इसके तहत युवा संसद का आयोजन होगा और संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं तथा पंचायतों और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के लिए भी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story