यमुनानगर में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को फांसी की सजा

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के यमुनानगर की फास्ट ट्रैक पाक्सो कोर्ट ने सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपी को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी को मृत्युदंड देने के साथ ही पीड़ित बच्ची के माता-पिता को साढ़े सात-साढ़े सात लाख रुपये, यानी कुल 15 लाख रुपये मुआवजा देने के आदेश भी दिए हैं। फैसले की जानकारी जिला न्यायवादी कर्मवीर सिंह और असिस्टेंट डायरेक्टर प्रॉसीक्यूशन धर्मचंद ने दी।

यह घटना 18 सितंबर 2024 की है। बूडिय़ा गांव में सात और आठ साल की दो बहनें गुरुद्वारे के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाला नरेश राम दोनों को अमरूद खिलाने का लालच देकर बाग की तरफ ले गया। कुछ दूर जाने पर बड़ी बहन आरोपी का हाथ छुड़ाकर घर लौट आई, जबकि छोटी उसके साथ रह गई। बड़ी बहन ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से मशीन बाग और आसपास के जंगल में 10 से 12 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं मिला।

19 सितंबर को पुलिस ने नरेश राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बच्ची की हत्या करने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि वह बच्ची को सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के विरोध करने पर उसकी हत्या कर डाली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य पेश किए। पुलिस की जांच और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर अदालत ने नरेश राम को दोषी करार दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story