यमुनानगर में ट्रक-पलटने से एक परिवार के चार सदस्यों की मौत, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर में ट्रक-पलटने से एक परिवार के चार सदस्यों की मौत, एक घायल


यमुनानगर, 29 मई (हि.स.) जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालढांग के समीप शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसा उस समय हुआ जब मक्के से लदा एक ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया। मृतकों की पहचान चूहड़पुर कलां निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र धीमान, उनकी बेटियां 14 वर्षीय सिमरन और 12 वर्षीय मिनल तथा दौलतपुर निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। राजेंद्र की पत्नी ऊषा गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, परिवार शुक्रवार सुबह दो मोटरसाइकिलों पर हिमाचल प्रदेश स्थित श्रीरेणुका जी मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुआ था। कलेसर राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र पार करने के बाद लालढांग के निकट पहाड़ी मोड़ पर सामने से आ रहा मक्के से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ढलान और तीखे मोड़ के कारण ट्रक दूसरी लेन में पहुंच गया। बाइक सवारों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन सड़क किनारे लगी रेलिंग के कारण वे निकल नहीं सके और ट्रक दोनों मोटरसाइकिलों पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने राहत कार्य शुरू किया। ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए पहले मक्के की बोरियां हटाई गईं, बाद में क्रेन की सहायता से वाहन को उठाया गया। काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले जा सके।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story