यमुनानगर : नौ करोड़ से बनेगा रिवर वाटर फ्रंट, विधायक ने किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर : नौ करोड़ से बनेगा रिवर वाटर फ्रंट, विधायक ने किया शिलान्यास


यमुनानगर, 24 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे शहरवासियों को सैर, व्यायाम और मनोरंजन के लिए नया सार्वजनिक स्थल मिलेगा। नगर निगम की दिव्य नगर योजना के तहत करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से रिवर वाटर फ्रंट विकसित किया जाएगा। शनिवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और मेयर सुमन बहमनी ने परियोजना का शिलान्यास किया।

नगर निगम के अनुसार, ओपी जिंदल पार्क के पीछे से फतेहपुर पुल तक लगभग साढ़े चार किलोमीटर लंबी और पांच मीटर चौड़ी पटरी को विकसित कर सुंदर बनाया जाएगा। इसके तहत 2.8 किलोमीटर का पैदल मार्ग, लैंडस्केप क्षेत्र और उद्यान तैयार किए जाएंगे। लोगों के बैठने के लिए नौ आधुनिक बेंच केनोपी तथा रोशनी के लिए 120 सजावटी लाइटें लगाई जाएंगी।

मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि परियोजना में जल निकासी की व्यवस्था भी शामिल है।

बारिश के दौरान पानी जमा होने से रोकने के लिए नालियां बनाई जाएंगी। नहर किनारे 1,050 मिलीमीटर ऊंची पत्थर की दीवार और उसके ऊपर 1,200 मिलीमीटर की जालीदार फेंसिंग लगाई जाएगी, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बाड़ी माजरा से पुराने सहारनपुर रोड स्थित फतेहपुर पुल तक नहर किनारे की पटरी अभी कच्ची है। बारिश में कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। पटरी पक्की होने से यह समस्या कम होने और पुराने सहारनपुर रोड तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने के साथ हरियाली बढ़ाना और नहर के आसपास स्वच्छता को प्रोत्साहित करना भी है। काम पूरा होने पर यह स्थान सुबह-शाम सैर और व्यायाम करने वालों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं पूर्व मेयर मदन चौहान, जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, निगम के अधिकारी, पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766002 Articles

Share this story