यमुनानगर : नवोदय प्रवेश परीक्षा में एक ही स्कूल के छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर : नवोदय प्रवेश परीक्षा में एक ही स्कूल के छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की


यमुनानगर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के व्यासपुर स्थित राजकीय विद्यालय के प्राइमरी विंग के छह विद्यार्थियों ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। चयनित विद्यार्थियों में कक्षा पांच के शिवम, दीक्षिता, कनक, रिया, दीपिका और गगन शामिल हैं। इन विद्यार्थियों की सफलता को विद्यालय परिवार ने सामूहिक प्रयास और निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।

सफल छात्रों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। विद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अजय धीमान और मुख्याध्यापक राम सिंह ने बुधवार काे विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता और शिक्षकों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सही दिशा, परिश्रम और मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story