मानसून से पहले कैथल प्रशासन की परखी तैयारी,मॉक ड्रिल में किया 21 लोगों का रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
मानसून से पहले कैथल प्रशासन की परखी तैयारी,मॉक ड्रिल में किया 21 लोगों का रेस्क्यू


कैथल, 14 मई (हि.स.)। मानसून सीजन से पहले संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। गुरुवार को उपायुक्त अपराजिता के मार्गदर्शन में शहर के दो प्रमुख स्थानों लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र और कमेटी चौक के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मॉक ड्रिल आयोजित कर राहत एवं बचाव तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल के दौरान काल्पनिक स्थिति बनाई गई कि भारी बारिश और बाढ़ के चलते दोनों भवनों का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया है और कई लोग मलबे में फंस गए हैं। इसके साथ ही शॉर्ट सर्किट से आग लगने की भी स्थिति दर्शाई गई। जैसे ही सुबह सायरन बजा, इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम सक्रिय हुआ और कुछ ही मिनटों में पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, एसडीआरएफ, रेडक्रॉस वॉलंटियर्स व अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

राहत टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों से कुल 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सरल केंद्र से 16 और स्कूल भवन से 5 लोगों का रेस्क्यू किया गया। हालांकि अभ्यास के दौरान सांकेतिक रूप से तीन लोगों को मृत घोषित किया गया, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया गया।

मॉक ड्रिल की निगरानी डीसी अपराजिता ने लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस रूम से की। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। समीक्षा के दौरान जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर कर तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा।

एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से विभागों के बीच तालमेल बेहतर होता है और वास्तविक आपदा के समय नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि संयम और सतर्कता के साथ प्रशासन का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story