मानव संसाधन विभाग में प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरे जाएंगे 32 पद

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)।

हरियाणा सरकार ने मानव संसाधन विभाग में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के आधार पर 32 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न विभागों के पात्र नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों से 30 दिन के भीतर आवेदन मांगे गए हैं। चयनित कर्मचारियों को तत्काल रिलीव करने और नियुक्ति से पहले एनओसी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कुल 32 पदों में 13 सहायक, 6 लिपिक, 3 अधीक्षक, 3 निजी सहायक, 3 स्टेनो-टाइपिस्ट, 2 जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर, 1 निजी सचिव और 1 चालक का पद शामिल है। सभी नियुक्तियां प्रतिनियुक्ति के आधार पर होंगी।

सरकार ने प्रत्येक पद के लिए अलग पात्रता निर्धारित की है। अधिकांश पदों पर आवेदन के लिए समकक्ष पद पर कम से कम तीन वर्ष का अनुभव अनिवार्य होगा, जबकि जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के लिए दो वर्ष का अनुभव पर्याप्त माना जाएगा। अधीक्षक के पद के लिए ऐसे कर्मचारी भी पात्र होंगे, जिन्होंने सहायक या उप अधीक्षक के रूप में आठ वर्ष से अधिक सेवा की हो। वहीं, निजी सहायक के रूप में आठ वर्ष से अधिक अनुभव रखने वाले कर्मचारी निजी सचिव के पद के लिए आवेदन कर सकेंगे।

सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवेदन के साथ निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा और पिछले पांच वर्षों की एसीआर का सारांश भी भेजें। साथ ही यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई, सतर्कता जांच या दंड लंबित नहीं है। सरकार ने विभागों से कहा है कि केवल उन्हीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम भेजे जाएं जिन्हें चयन होने पर तत्काल कार्यमुक्त किया जा सके। इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन की अग्रिम प्रति सीधे मानव संसाधन विभाग को भी भेज सकते हैं, लेकिन चयन प्रक्रिया या साक्षात्कार में शामिल होने से पहले उन्हें अपने मूल विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story