बिजली निगमों में लागू हुई ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी

WhatsApp Channel Join Now

एसडीओ और एक्सईएन की गृह जिलों में नही होगी तैनाती

चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा बिजली निगम ने नई ट्रांसफर पॉलिसी-2026 लागू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था में कर्मचारियों के कार्यकाल के नियम, 120 अंकों की मेरिट प्रणाली और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तय की गई है।

इस पॉलिसी की सबसे खास बात यह है कि अब एसडीओ और एक्सईएन की पोस्टिंग उनके गृह जिलों में नहीं होगी। हालांकि, इस संबंध में समय-समय पर आदेश जारी होते रहे हैं, लेकिन अब सरकार ने पिछले आदेशों का हवाला देते हुए इनका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। ये आदेश उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू होंगे।

यह नीति दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के उन नियमित कर्मचारियों के 13 वर्गों पर लागू होती है, जिनकी स्वीकृत संख्या 50 या उससे अधिक है (जैसे— अधिशासी अभियंता/इलेक्ट्रिकल, सहायक अभियंता/सहायक अधिशासी अभियंता, कनिष्ठ अभियंता-1, कनिष्ठ अभियंता/फील्ड, कनिष्ठ सिस्टम अभियंता, मंडल लेखाकार, उच्च श्रेणी लिपिक, निम्न श्रेणी लिपिक आदि), और इसमें मुख्यालय के पद भी शामिल हैं।

ज़्यादातर वर्गों (जैसे कनिष्ठ अभियंता, लिपिक, लेखाकार आदि) के लिए कम से कम कार्यकाल 1 साल और तय (अधिकतम) कार्यकाल 5 साल रखा गया है, जबकि अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता/सहायक अधिशासी अभियंता के लिए तय कार्यकाल 3 साल है। कर्मचारियों को मानी गई (डीम्ड), स्वैच्छिक, न्यूनतम कार्यकाल पूरा न करने वाली, काल्पनिक (नॉशनल), अतिरिक्त (सरप्लस), संरक्षित और बाहर रखी गई (एक्सक्लूडेड) श्रेणियों में बांटा गया है। अगर कोई कर्मचारी एक से ज़्यादा श्रेणी में आता है, तो नियम में तय प्राथमिकता के हिसाब से उसकी आखिरी श्रेणी तय की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783732 Articles

Share this story