पानीपत में तीन नए कंट्रोल्ड एरिया घोषित
-यूपी सीमा से सटे गांवों में भी निर्माण पर रहेगी नजर
-इसराना के अलावा सनौली, तामशाबाद और कुंडला के क्षेत्र भी आए दायरे में
चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। पानीपत जिले में निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ते दायरे के बीच हरियाणा सरकार ने तीन नए नियंत्रित क्षेत्र घोषित किए हैं। इनमें इसराना का अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-एक और पानीपत के अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-पांच व चार शामिल हैं। नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग की अधिसूचनाओं में इन क्षेत्रों की सीमाएं गांवों की राजस्व सीमाओं, पहले से घोषित नियंत्रित क्षेत्रों और पड़ोसी जिलों की सीमाओं के आधार पर तय की गई हैं।नए क्षेत्रों में पानीपत-जींद और पानीपत-करनाल की जिला सीमाओं के अलावा हरियाणा-उत्तर प्रदेश की राज्य सीमा से लगे इलाके भी आते हैं। संबंधित क्षेत्रों में भवन निर्माण, उद्योग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थागत गतिविधियों पर नियंत्रित क्षेत्र के कानून के प्रावधान लागू होंगे।
इसराना के अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-एक की सीमा पानीपत और जींद जिलों की साझा सीमा पर स्थित गांव उरलाना कलां के एक निर्धारित बिंदु से शुरू होती है। यहां से सीमा पूर्व दिशा में मदलौडा के पहले से घोषित नियंत्रित क्षेत्र से जुड़ती है।
दक्षिणी हिस्से में इसराना के पहले से अधिसूचित नियंत्रित क्षेत्र और पानीपत-सोनीपत की साझा जिला सीमा के आधार पर नए क्षेत्र की हद तय की गई है। इस अधिसूचना में 13 जनवरी 2026 के विभागीय नक्शे को सीमा निर्धारण का आधार बनाया गया है। इसराना के आसपास पहले से घोषित क्षेत्र के साथ नई सीमा जोडऩे से संबंधित इलाके का विस्तार हुआ है।
पानीपत के अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-पांच की सीमा कुराड़, सनौली कलां और सनौली खुर्द गांवों की राजस्व सीमाओं के मिलान बिंदु से शुरू होती है। यहां से यह सनौली खुर्द और तामशाबाद की उत्तरी राजस्व सीमाओं के सहारे हरियाणा-उत्तर प्रदेश की साझा राज्य सीमा तक जाती है। पूर्वी हिस्से में राज्य सीमा के साथ आगे बढ़ते हुए यह ऋषिपुर और लधुपुर गांवों की साझा राजस्व सीमा से जुड़ती है। दक्षिण की ओर ऋषिपुर और जलालपुर गांवों की राजस्व सीमाओं के आधार पर क्षेत्र की हद तय की गई है। पश्चिमी हिस्से में यह पहले से अधिसूचित पानीपत अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र-चार से मिलता है। इस क्षेत्र की सीमाओं के लिए 9 अक्टूबर 2025 के विभागीय नक्शे का संदर्भ दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

