पानीपत: आर्य कॉलेज के छात्र ने इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप में जीते तीन पदक

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: आर्य कॉलेज के छात्र ने इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप में जीते तीन पदक


पानीपत: आर्य कॉलेज के छात्र ने इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप में जीते तीन पदक


पानीपत, 12 मई (हि.स.)। पानीपत के आर्य कॉलेज के बीए तृतीय वर्ष के छात्र गौतम ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित इंटरनेशनल साइक्लिंग ट्रैक कप एक और दो में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन पदक जीतकर कॉलेज ही नहीं अपितु देश का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराकर वापस लौटे खिलाड़ी गौतम का आज कॉलेज पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

कॉलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने कहा की आर्य कॉलेज हमेशा से ही शिक्षा, खेल- कूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी पानीपत और अपने देश का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे होनहार छात्र गौतम ने जकार्ता में तीन-तीन पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया है कि पानीपत की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रबंधक समिति की ओर से मैं गौतम, उनके परिवार और उनके प्रशिक्षकों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है।

कॉलेज की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह बताया की जकार्ता में 28 अप्रैल से तीन मई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गौतम का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अपनी खेल कुशलता दिखाते हुए ट्रैक कप दो की टीम प्रस्यूट प्रतियोगिता में रजत पदक और टीम स्प्रिंट में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं ट्रैक कप एक टीम प्रस्यूट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि गौतम की यह उपलब्धि केवल आर्य कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन गौतम को हर संभव सहायता प्रदान करेगा ताकि वह ओलंपिक जैसे मंचों पर भी देश का नाम रोशन करे। उन्होंने इस शानदार जीत के अवसर पर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण और उनके विभाग के प्राध्यापकों और कोच को बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र देशवाल, डॉ. दिनेश गाहल्याण, राजा तोमर समेत कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story