पंचकूला कोर्ट में लेफ्टिनेंट कर्नल से मारपीट का आरोप, वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज
चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। पंचकूला के चंडीमंदिर मिलिट्री स्टेशन में तैनात एक लेफ्टिनेंट कर्नल ने जिला अदालत परिसर में कुछ वकीलों पर मारपीट, बंधक बनाने और जबरन समझौते पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 थाना में शुक्रवार रात जानबूझकर चोट पहुंचाने, गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और दंगा करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता लेफ्टिनेंट कर्नल आशीष चंडोक ने पुलिस को बताया कि वह पिछले एक साल से पंचकूला जिला अदालत में अपनी पत्नी द्वारा फाइल किए गए तीन केस लड़ रहे हैं। पति-पत्नी अलग रह रहे हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में लेफ्टिनेंट कर्नल चंडोक ने आरोप लगाया कि 9 जुलाई को फैमिली कोर्ट में उनके केस की सुनवाई के दौरान, विरोधी वकील मनिंदर सिंह बिट्टा और उनके साथियों ने उनके साथ अभद्रता की और बाद में 10-15 वकीलों को बुलाया, जिन्होंने उनके साथ भी बदतमीजी की और जज रेखा (फैमिली कोर्ट) के कोर्ट रूम के बाहर उन पर मारपीट की। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मनिंदर सिंह बिट्टा और दूसरे वकील उन्हें बंधक बनाकर वकील एन एस सोढ़ी के चैंबर में ले गए, जहां उन्होंने फिर से उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि उनसे जबरन राज़ीनामा पर साइन करवा लिए, जिसे मैं पढ़ नहीं पाया। मैं देख सकता था कि राज़ीनामा 5-6 लाइन का था। साइन करने के बाद, मुझे पंचकूला कोर्ट से जाने दिया गया।
पंचकूला सेक्टर छह अस्पताल में लेफ्टिनेंट कर्नल की मेडिकल जांच में पता चला कि कोक्सीक्स (टेलबोन) में गड़बड़ी देखी गई, फ्रैक्चर होने की संभावना है। इस संबंध में सेक्टर सात पुलिस स्टेशन के प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर यादव ने कहा कि आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि हम डॉक्टर से राय लेंगे। हम सीसीटीवी फुटेज लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसे देखने के बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

