नगर निकाय कर्मचारियों की हड़ताल पर राेहतक में हाेगा फैसला

WhatsApp Channel Join Now

-प्रदेश भर में निकाय व दमकल सेवाएं हुई प्रभावित

चंडीगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की तीन दिवसीय हड़ताल को आगे बढ़ाने और आंदोलन तेज करने पर मंगलवार को निर्णायक फैसला होगा। दोनों संगठनों की संयुक्त राज्य कार्यकारिणी की बैठक 11 अगस्त को कर्मचारी भवन रोहतक में बुलाई गई है। इसमें आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने दावा किया कि प्रदेश के 83 निकायों और अग्निशमन विभाग के 103 दमकल केंद्रों में करीब 50 हजार कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे सफाई, सीवर, पार्क, स्ट्रीट लाइट समेत विभिन्न जनसेवाएं प्रभावित हुई हैं और निकाय कार्यालयों का कामकाज भी बाधित हुआ है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते में 17 मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन इन्हें लागू नहीं किया गया। इनमें ठेका प्रथा समाप्त करना, कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेना, नियमित होने तक न्यूनतम वेतन, ईएसआइ-ईपीएफ, जोखिम भत्ता और नई नियमित भर्तियां शामिल हैं।

कर्मचारियों ने पालिका, परिषद और निगमों में ग्रुप-डी व ग्रुप-सी के करीब 1450 पद समाप्त करने तथा लगभग 300 अन्य पदों को समाप्ति प्रक्रिया में डालने का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इससे जनसेवाओं पर सीधा असर पड़ेगा। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने करनाल में सफाई कर्मचारी के पुत्र वीरू वाल्मीकि की हत्या के मामले में न्याय की मांग भी उठाई। उन्होंने पीडि़त परिवार को 50 लाख रुपये सहायता, सरकारी नौकरी और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story