दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कैथल में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कैथल में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


कैथल, 23 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस बल प्रयोग के विरोध में गुरुवार को कैथल में विभिन्न युवा संगठनों ने लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की मांग उठाई। बाद में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम संजय कुमार को सौंपा गया।प्रदर्शन में क्रांतिकारी युवा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष गुरदीप ढांडा सहित राम कुमार बंसल, सुखविंद्र सिंह, बलविंद्र सिंह, मनोज कुमार और जगमग मटौर मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए छात्र जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे। प्रदर्शनकारियों के अनुसार छात्रों की प्रमुख मांग नीट परीक्षा में पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की है। साथ ही कुछ छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे अथवा शिक्षा मंत्रालय में आवश्यक बदलाव की भी मांग कर रहे हैं।युवा नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ दिल्ली पुलिस ने कथित रूप से बल प्रयोग, लाठीचार्ज और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है तथा ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए कथित पुलिस बल प्रयोग और दुर्व्यवहार की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story