टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में सोनीपत से 12वीं गिरफ्तारी
-अमर के खाते में आए थे 40 हजार रुपये
सोनीपत, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने सोनीपत के रोहणा
गांव निवासी अमर को गिरफ्तार किया है। मामले में यह 12वीं गिरफ्तारी है। अब तक गिरफ्तार
आरोपियों में नौ सोनीपत जिले के बताए जा रहे हैं। पुलिस अमर को अदालत में पेश कर ट्रांजिट
रिमांड पर मुंबई ले जाने की तैयारी कर रही है।
पुलिस
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कुणाल के खाते से उसके दोस्त अमर के बैंक
खाते में 40 हजार रुपये भेजे गए थे। इसके बाद कुणाल के कहने पर अमर ने पहले गिरफ्तार
हो चुकी राधा के खाते में 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस अब इन पैसों के लेनदेन
की वजह और आरोपियों के आपसी संबंधों की जांच कर रही है। अमर रोहणा गांव में कुणाल का
पड़ोसी और दोस्त बताया जा रहा है। वह दसवीं कक्षा तक पढ़ा है और एक सप्लीमेंट की दुकान
पर काम करता है। उसके परिवार के सदस्य मजदूरी करके घर चलाते हैं। अमर की गिरफ्तारी
के बाद परिवार ने उसे निर्दोष बताते हुए मामले में फंसाए जाने की बात कही है। हालांकि,
पुलिस पूछताछ में बैंक खातों के जरिए हुए लेनदेन और उसकी भूमिका की जानकारी जुटाई जाएगी।
इस मामले
में सोनीपत से जुड़े रेहान, फूल सिंह, सुमित, कुणाल, जतिन, समीर, अंकित, प्रांजल और
अमर सहित नौ आरोपियों के नाम सामने आए हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार 12 आरोपियों
में से 11 पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया है। पुलिस आरोपियों
के संपर्क, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गैंग टाइगर
श्रॉफ को निशाना बनाकर वसूली के जरिए पैसा कमाने और अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर
रहा था। मुंबई पुलिस के साथ सोनीपत पुलिस और क्राइम टीमें भी मामले की जांच में जुटी
हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि पैसों के लेनदेन में और कौन लोग शामिल थे तथा फायरिंग
की साजिश में किसकी क्या भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

