झज्जर : विधायक ने डॉक्टरों संग देखा पीएम मोदी के एचपीवी टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
झज्जर : विधायक ने डॉक्टरों संग देखा पीएम मोदी के एचपीवी टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ


झज्जर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बहादुरगढ़ शहर में दिल्ली-रोहतक रोड स्थित सरकारी अस्पताल में शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब विधायक राजेश जून ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से प्रारंभ किए गए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान का लाइव प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से 14 वर्ष की आयु वर्ग की बेटियों को गर्भाशय के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए मुफ्त एचपीवी वैक्सीन लगाने के राष्ट्रीय अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस पहल को देशभर में महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मौके पर उपस्थित प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय देशवाल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस से सुरक्षा प्रदान करना है, जो सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। उन्होंने बताया कि पूर्व में यह वैक्सीन शुल्क देकर लगाई जाती थी, लेकिन अब केंद्र सरकार की पहल पर इसे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक राजेश जून ने कहा कि शनिवार से बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने इसे बेटियों के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में बहादुरगढ़ के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की बेटियों को भी समान रूप से लाभ मिल सके।

चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण के लिए बेटियों का पंजीकरण भारत सरकार के यू-विन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक राजेश जून ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नई योजनाओं के माध्यम से देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

विधायक जून ने अभिभावकों और बेटियों से अपील करते हुए कहा कि जिन बेटियों की आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और 15 वर्ष से कम है वे इस निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन का लाभ अवश्य उठाएं, ताकि भविष्य में गर्भाशय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके। इस अवसर पर पीएमओ देशवाल सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक और अस्पताल स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

Share this story