जुलाना नगर पालिका चेयरमैन को निलंबित किया जा चुका है : विपुल गोयल

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। जुलाना नगर पालिका के चेयरमैन पर भ्रष्टाचार के आरोपों का मामला सदन में गर्माया तो सरकार ने अपने रुख को लेकर कोई ढिलाई नहीं दिखाई। विधायक विनेश फोगाट द्वारा सवाल उठाने के बाद निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि पहले ही विजिलेंस जांच में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। चेयरमैन को उसी दिन सस्पेंड कर दिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मामले में कहा कि सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और इस मामले में कांट्रेक्ट पर भी केस दर्ज हुआ है।विधानसभा में कृषि से जुड़े सवालों में किसानों को राहत देने का मुद्दा प्रमुख रहा। लोहारू विधायक राजबीर सिंह फरटिया के सवाल पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि 1.57 लाख से ज्यादा किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है। 575 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भरपाई हुई है। केवल 601 किसानों का भुगतान तकनीकी कारणों से अटका है।असंध विधायक योगेंद्र सिंह राणा ने क्षेत्र की नहरों का मुद्दा उठाया तो सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने बड़ा रोडमैप सामने रखा। उन्होंने कहा कि 10 नहरों और रजवाहों के पुनर्निर्माण की योजना है। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में चरणबद्ध तरीके से नहरों पर काम होगा। उन्होंने कहा कि 20 साल पुरानी और क्षतिग्रस्त नहरों पर प्राथमिकता के आधार पर काम होगा।सिंचाई के सवालों में यह भी सामने आया कि कई जगह व्यवस्था ठीक होने के बावजूद अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। आदमपुर विधायक चंद्र प्रकाश के सवाल पर श्रुति चौधरी ने कहा कि अधिकांश नहरों में पानी पहुंच रहा है। कुछ सब-माइनर के अंतिम छोर पर समस्या है। इसका समाधान भी चरणबद्ध तरीके से तय किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य स्रोत की मरम्मत होगी, ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story