जींद : किसान समस्याओं को लेकर इनेलो ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद : किसान समस्याओं को लेकर इनेलो ने किया प्रदर्शन


जींद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। धान की बिक्री को लेकर किसानों को आ रही परेशानी को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने मंडी अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर किसानों की समस्याएं दूर करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने किया।

प्रदर्शन से पहले इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश का किसान बहुत परेशान है। सरकार खरीद के लिए लगातार टाल मटोल कर रही है। मंडियां धान से अटी पड़ी हैं लेकिन सरकार नमी का बहाना बना कर खरीद करने से बच रही है। रामपाल माजरा ने बताया कि प्रदेश में लगभग साढ़े 16 लाख मिट्रिक टन धान पहुंच चुका है। इसमें से केवल नौ लाख की खरीद हुई है। जब की उठान केवल तीन लाख का ही हुआ है। ऐसे में किस प्रकार से किसान अपनी फसल को मंडी में लेकर के आएगा, जब मंडी में फसल डालने के लिए ही जगह नही है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दो-दो सप्ताह तक मंडियों में बैठना पड़ रहा है और बहुत सारे किसानों को अपनी फसल वापस उठा कर भी ले जानी पड़ रही है। जहां-जहां धान की खरीद, उठान और पेमेंट सरकार व्यवस्तिथ तरीके से नहीं कर पा रही है वहीं पर अन्य समस्याओं का भी अंबार लगा हुआ है।

पोर्टल में सत्यापन और गेट पास जैसी शर्तों के कारण जहां खरीद में देरी हो रही है वहीं पर पीने के पानी, शौचालय, भोजन आदि की व्यवस्था भी चरमराई हुई है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। जब तक किसान की फसल का दाना-दाना खरीदा नही जाता और जहां भी किसानों को किसी प्रकार की समस्या होगी वहां पहुंच कर इनेलो किसानों की मदद करने का काम करेगी। इस मौके पर इनेलो जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र रेढू ने बताया कि जींद में और भी बुरा हाल है। स्वयं डिप्टी स्पीकर हरियाणा व उपयुक्त मंडियों का दौरा कर चुकीहैं। इस मौके पर प्रदीप गिल, सुमित्रा देवी, पप्पू रेढू, रामेश्वर पहलवान, वेदसिंह मुंडे, प्रोफेसर धर्मेंद्र ढुल, सतीश नैन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story