जाति जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जाति जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन


-जातीय जनगणना की मांग को लेकर किया राज्य स्तरीय ओबीसी हक हुंकार कार्यक्रम

-जनगणना में नहीं है जाति का कॉलम, जनता से धोखा कर रही बीजेपी- हुड्डा

चंडीगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस ने जाति जनगणना की मांग को लेकर राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद, पूर्व सांसद राजबब्बर और प्रदेश ओबीसी अध्यक्ष चंद्र प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल के पास पहुंचा और ज्ञापन सौंपा।

इसके बाद सभी नेताओं ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय ओबीसी हक हुंकार कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में सभी जाति-वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए जाति जनगणना बेहद जरूरी है। हमारे नेता राहुल गांधी ने इसको लेकर पूरे देश में मुहिम चलाई थी और ऐलान किया था कि सत्ता में बैठी भाजपा को इस जनगणना के लिए मजबूर किया जाएगा।

आखिरकार भाजपा ने कांग्रेस और जनभावना के दबाव में संसद के भीतर जाति जनगणना का ऐलान करना पड़ा। लेकिन अब मालूम पड़ रहा है कि यह सिर्फ एक धोखा था। फिलहाल जो जनगणना चल रही है, उसमें जाति के लिए कोई कॉलम है ही नहीं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार को न सिर्फ इसमें अलग से जाति का कॉलम जोडऩा चाहिए, बल्कि जाति की कोडिंग इस तरह की जाए कि एक ही जाति के अलग-अलग क्षेत्रों और राज्यों में अलग-अलग नाम होने के बावजूद उसकी सही पहचान हो सके। इसके लिए यूनिक साइंटिफिक कास्ट कोड का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। राज बब्बर ने कहा कि सामाजिक न्याय व समान भागीदारी के लिए नेता प्रतिपक्ष व न्याययोद्धा राहुल गांधी निरंतर आवाज बुलंद कर रहे हैं। सभी कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी है कि इस आवाज को और बुलंद किया जाए।

चंद्र प्रकाश ने कहा कि कांग्रेसजनों द्वारा विभिन्न जिलों में धरना देकर व प्रदर्शन करते हुए जातीय जनगणना के लिए उपायुक्तों को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। सोनीपत, अंबाला व यमुनानगर में यह अभियान सफल रहा है और अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के सभी जिलों में आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह दिल्ली में प्रदर्शन किया, उससे सरकार बौखला गई है। लेकिन अब यह तय हो चुका है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का जाना तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story