गोहाना ऑनर किलिंग के आरोपी माता-पिता व भाई काबू
सोनीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गोहाना में नर्सिंग की छात्रा की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन
आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश कर एक
दिन के पुलिस रिमांड पर लिए हैं।
थाना
शहर गोहाना पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल को सूचना मिली कि
एक युवती के साथ जबरदस्ती शादी को लेकर घर में मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही शहर
गोहाना के प्रबंधक निरीक्षक देवेन्द्र कुमार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के
पहुंचने तक घर के अंदर विवाद बढ़ चुका था और युवती पर चाकू से हमला कर दिया गया था,
जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू
की गई।
जांच
के दौरान पुलिस ने युवती की मां, पिता अनिल और भाई राहुल को गिरफ्तार कर तीनों को सोमवार
को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की
जाएगी।
मृतका
की पहचान गोहाना की देवीनगर कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय चीनू के रूप में हुई है। वह मुखी
नर्सिंग कॉलेज में जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी पाठ्यक्रम की छात्रा थी। प्रारंभिक जांच
में सामने आया है कि चीनू पिछले दो वर्षों से एक युवक के संपर्क में थी और उससे विवाह
करना चाहती थी, जबकि परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उसकी शादी कहीं और करना चाहता
था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार
सुबह फिर से इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ। युवती ने मदद के लिए डायल 112 पर कॉल कर दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घर का मुख्य द्वार अंदर से बंद कर दिया गया। इसी दौरान
विवाद हिंसक हो गया और युवती पर चाकू से हमला कर दिया गया। बाद में पुलिस छत के रास्ते
घर में दाखिल हुई तो युवती का शव मुख्य द्वार के पास पड़ा मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

