गुरुग्राम: हर जिले में पार्टी की कार्य योजना स्पष्ट और परिणाम आधारित हो: संजय दत्त

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: हर जिले में पार्टी की कार्य योजना स्पष्ट और परिणाम आधारित हो: संजय दत्त


-जिला कांग्रेस कमेटियों की मासिक समीक्षा बैठक में हरियाणा प्रभारी ने कही यह बात

गुरुग्राम, 17 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी संजय दत्त की उपस्थिति तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को बादशाहपुर में सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह प्रभारी जितेंद्र बघेल भी मौजूद रहे। गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वर्धन यादव द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में चल रहे संगठनात्मक कार्यों, मंडल मैपिंग, ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों, स्ढ्ढक्र से संबंधित कार्यों, बूथ स्तर पर मतदाता सहायता केंद्रों तथा स्थानीय जन समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी तीन महीनों के लिए संगठनात्मक प्राथमिकताओं, कार्य योजना, आने वाले समय की चुनौतियों और भविष्य की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक संगठन को लगातार मजबूत करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एआईसीसी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल द्वारा संगठन सृजन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक जिले की प्रदर्शन-आधारित संगठनात्मक रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी को अपने संगठनात्मक कार्यों और गतिविधियों का स्पष्ट आकलन करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि पार्टी का संगठन केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि बूथ और मंडल स्तर तक सक्रिय रूप से दिखाई दे।

संजय दत्त ने कहा कि संगठनात्मक प्रदर्शन के निर्धारित मानकों पर अपेक्षित परिणाम नहीं देने वाले जिलों तथा ब्लॉकों पर संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण में विचार किया जा सकता है। इसमें मौजूदा संगठनात्मक नेतृत्व के प्रदर्शन की समीक्षा भी शामिल हो सकती है। उन्होंने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष केवल रिपोर्ट प्रस्तुत करने तक सीमित न रहें, बल्कि संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय नेतृत्व और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इस समीक्षा बैठक का उद्देश्य केवल संगठन के प्रदर्शन की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि संगठनात्मक कमियों की पहचान करना, जिन क्षेत्रों में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है उन्हें चिन्हित करना और विशेष रूप से जमीनी स्तर तक कांग्रेस संगठन को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story