गुरुग्राम: हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-आरोपी पर एक दर्जन से ज्यादा केस पहले से दर्ज

गुरुग्राम, 10 जून (हि.स.)। अवैध हथियारों के कारोबार का प्रहार करते हुए गुरुग्राम की सेक्टर-31 अपराध शाखा ने मध्यप्रदेश के धार इलाके से हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध पिस्टल बनाकर गुरुग्राम में सप्लाई करते थे।

29 मई 2026 को क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-15 के 32 माइलस्टोन के पास से योगेश को अवैध हथियार सहित पकड़ा था। आरोपी यूपी के इटावा का रहने वाला है। वह फिलहाल गढ़ीपुर गुरुग्राम में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी से तीन देसी पिस्टल बरामद की थी। सिविल लाइन थाना में आम्र्स एक्ट में केस दर्ज किया था। योगेश से पूछताछ के बाद पुलिस मध्यप्रदेश के धार पहुंची और दो और लोगों को दबोच लिया। जिनकी पहचान यूपी के मैनपुरी निवासी जसबीर और मध्यप्रदेश के धार निवासी जगत सिंह के रूप में हुईं। जसबीर गुरुग्राम में योगेश को हथियार सप्लाई करता था। जगत सिंह अवैध हथियार बनाता है। अवैध हथियार बनाने के मास्टर जगत सिंह पर हरियाणा, राजस्थान, यूपी और एमपी में आम्र्स एक्ट के 13 केस पहले से दर्ज हैं। जसबीर पर छत्तीसगढ़ में एनडीपीएस एक्ट का केस चल रहा है। मामले में पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार का कहना है कि केस की जांच जारी है। पुलिस को एक सप्लाई चेन टूटने से गुरुग्राम में अवैध हथियारों की आवक पर लगाम लगने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story