गुरुग्राम: स्वच्छता से स्वागत अभियान में जनप्रतिनिधियों व आमजन ने लगाई झाड़ू, उठाया कूड़ा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: स्वच्छता से स्वागत अभियान में जनप्रतिनिधियों व आमजन ने लगाई झाड़ू, उठाया कूड़ा


गुरुग्राम, 14 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनभागीदारी के साथ विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में नगर निगम पार्षदों, स्थानीय नागरिकों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों एवं टीम एमसीजी ने मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता का संदेश दिया और गुरुग्राम को साफ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के तहत वार्ड-23 में नगर निगम पार्षद कुणाल यादव, वार्ड-34 में पार्षद सुरेखा चौहान, खांडसा रोड पर पार्षद धर्मबीर भंगरोला, वार्ड 29 में पार्षद ऊषा वर्मा तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-48 में पार्षद विक्रमजीत की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से घरों एवं बाजारों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने की अपील की गई। लोगों ने स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर जनआंदोलन का रूप देना है। इसी उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं महसूस करे।नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर गुरुग्राम का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाए। स्वच्छता से स्वागत अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छ वातावरण, जिम्मेदार कचरा प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढक़र भाग लें और अपने मोहल्ले, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story