गुरुग्राम: स्वच्छता एवं पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 30.18 लाख रुपये जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

-एक से 23 अक्टूबर 2026 तक 827 चालान किए गए जारी

गुरुग्राम, 23 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एक अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न उल्लंघनों के मामलों में कुल 827 चालान जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 30,18,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

इस अवधि में पॉलीथिन चालान के 414 मामले सामने आए, जिनमें 3.09 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। डस्टबिन उपलब्ध न होने से संबंधित 191 मामलों में 95,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट से जुड़े 40 मामलों में 9.65 लाख रुपये तथा बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के 38 मामलों में 1.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा कचरा जलाने के 21 मामलों में 1.05 लाख रुपए, खुले में शौच के 21 मामलों में 10,500 रुपए, सीवेज/सेप्टेज से संबंधित पांच मामलों में 1.75 लाख रुपये तथा पानी की बर्बादी के 9 मामलों में 13,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। धूल नियंत्रण उपायों का पालन नहीं करने के 13 मामलों में 3.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बीडब्ल्यूजी से संबंधित एक मामले में 25,000 रुपये, थोक कचरा डंपिंग के तीन मामलों में एक लाख रुपये, पशु गोबर से संबंधित एक मामले में 5,000 रुपए तथा ड्रेनों में कचरा डालने एवं अवैध कनेक्शन से संबंधित 70 मामलों में सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शुक्रवार को कहा कि नगर निगम गुरुग्राम नागरिकों, दुकानदारों, निर्माण एजेंसियों और अन्य संबंधित पक्षों से अपील करता है कि वे स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर डालें, निर्माण सामग्री को ढककर रखें, कचरा न जलाएं और जल की बर्बादी से बचें। शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story