गुरुग्राम : सोहना में महिला ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 15 मई (हि.स.)। सोहना क्षेत्र के वार्ड-18 में शुक्रवार सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ललिता के रूप में हुई है, जो सोहना चौकी के पास रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करती थी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह ललिता की छोटी बेटी ने अपनी मां को कमरे में पंखे के हुक से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही बच्ची घबरा गई और उसने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ललिता पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार वह काफी तनाव में रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक परेशानी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

मामले की सूचना मिलते ही जांच अधिकारी सुखबीर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्राइम सीन टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story