गुरुग्राम: सांस्कृतिक संध्या में भारत की 11 रानियों के रूप में महिलाओं का रहा जलवा
-माहेश्वरी सभा के दीपावली मिलन एवं सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम रहा रंगारंग
गुरुग्राम, 19 नवंबर (हि.स.)। माहेश्वरी सभा गुरुग्राम महिला मंडल एवं युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को दीपावली मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई। यहां ओल्ड दिल्ली रोड स्थित अमित महल सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और महेश वंदना से हुआ।
भारत की 11 रानियों की भूमिका में महिलाओं का जलवा रहा।
माहेश्वरी सभा गुरुग्राम अध्यक्ष महेश जाखेटिया के दीपावली शुभकामना संदेश के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसे जेन-जी मुकुंज मूंदड़ा, प्रियांशी लाहोटी, मीनल लड्ढा एवं आरव माहेश्वरी द्वारा मंच से पहली बार संचालित किया गया। प्रमुख अतिथियों में किरण लड्ढा (महासचिव, अखिल भारतवर्षीय महिला मंडल) एसएन चांडक (चेयरमैन, शील बायोटेक), हरि ओम गांधी (डीआईजी सीआईएसएफ), संदीप परवाल (फाउंडर, एसपीए फाइनेंशियल एडवाइजर) की गरिमामयी उपस्थिति में इस कार्यक्रम में लगभग 600 माहेश्वरी बंधुओं ने भाग लिया।
रामायण को कोरियोग्राफर प्रीति मालानी ने महिला सदस्यों के साथ बहुत ही सुंदर रूप से प्रस्तुत किया। हेरिटेज क्वीन ऑफ इंडिया में भारत की 11 रानियों का प्रस्तुतीकरण एक अलग अनुभव रहा, जहां समाज की महिला सदस्यों ने अपने किरदारों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। हेरिटेज क्वीन कार्यक्रम सरोज दम्माणी द्वारा निर्देशित किया गया एवं मोनिका द्वारा संचालित किया गया। अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सांस्कृतिक सचिव आशुतोष माहेश्वरी के निर्देशन में हुई। सात वर्षों के पश्चात समाज की स्मारिका को प्रकाशित किया गया, जिसका विमोचन जिला सभा उपाध्यक्ष आशीष राठी द्वारा किया गया। माहेश्वरी समाज गुडग़ांव की वेबसाइट को जिला सभा सचिव संजय सारडा एवं आदित्य जाखेटिया द्वारा लॉन्च किया गया। सुनीता माहेश्वरी द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम का सभी ने आनंद लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

