गुरुग्राम: सडक़ हादसे में वेयर हाउस से लौट रहे दो युवकों की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार वाहन ने सडक़ किनारे खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक तावडू के जौरासी गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान मोहित और पंकज के रूप में हुई है, घायल युवक का नाम मुकुल है। तीनों ई-कॉम लॉजिस्टिक्स वेयर हाउस में काम करते थे।

पुलिस को दी शिकायत में जौरासी निवासी संजय ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे तीनों युवक शिफ्ट खत्म कर वेयरहाउस से बाहर निकले थे। तावडू रोड पर वेयरहाउस के पास सडक़ किनारे खड़े होकर घर जाने से पहले बातचीत कर रहे थे। तभी तावडू की तरफ से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने लापरवाही से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वेयरहाउस के अन्य कर्मचारियों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और तीनों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मोहित और पंकज को मृत घोषित कर दिया। मुकुल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

सूचना पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जौरासी गांव में मातम पसरा है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story