गुरुग्राम: सट्टेबाजी के पैसों को लेकर भिड़े दाे गुट, फायरिंग में एक के पैर में लगी गोली

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सट्टेबाजी के पैसों को लेकर भिड़े दाे गुट, फायरिंग में एक के पैर में लगी गोली


आरोपियों ने स्कार्पियों समेत दो गाड़ियां तोड़ी

गुरुग्राम, 11 जून (हि.स.)। सेक्टर-10 स्थित अल्पाइन स्कूल के पास बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लग गई। वहीं, मौके पर खड़ी दो गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े लेनदेन को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के हिसाब-किताब को लेकर तनाव बना हुआ था। बुधवार रात सेक्टर-10 क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच इसी संबंध में बैठक चल रही थी। बैठक समाप्त होने के बाद विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट होने लगी और बाद में फायरिंग की घटना सामने आई।

फायरिंग की घटना में गांव गाड़ोली निवासी 19 वर्षीय सिकंदर घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस घायल के बयान दर्ज नहीं कर सकी है। चिकित्सकों के अनुसार उसके स्वास्थ्य में सुधार होने और बयान देने की स्थिति में आने के बाद ही पूछताछ की जाएगी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल और आरोपी पक्ष के लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story