गुरुग्राम: शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे के लालच में गंवाए 34 लाख
-पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर एक आरोपी को किया काबू
गुरुग्राम, 21 नवंबर (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच भारी पड़ गया। एक व्यक्ति ने इस लालच में एक व्यक्ति को 34 लाख रुपये गंवा दिए। साइबर ठगों ने उससे यह ठगी की। ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खाते की व्यवस्था कराने वाले आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बैंक खाताधारक को साइबर अपराधियों से मिलवाया था और इस काम के बदले उसे 60 हजार रुपये मिले थे।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम वेस्ट थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि साइबर ठगों ने उसे शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर उसने करीब 34 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में उसके साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच करते हुए साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस टीम ने 21 नवंबर को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान 35 वर्षीय सूरज निवासी पीपल पडाव, मालधन, आनंद नगर, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम को ट्रांसफर करने के लिए जिस बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया था, उसे साइबर अपराधियों तक पहुंचाने में सूरज ने अहम भूमिका निभाई थी। उसने बैंक खाता धारक को साइबर ठगों से मिलवाया था। इस काम के बदले उसे 60 हजार रुपये मिले थे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते और उसके जरिए जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

