गुरुग्राम विवि को देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल करना लक्ष्य: डा. संजय कौशिक
-गुरुग्राम विवि कुलपति डा. संजय कौशिक ने एक साल के कार्यकाल पर काटा केक
-डॉ. संजय कौशिक के सफल कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर दी शुभकामनाएं
-शिक्षा, नवाचार और शोध को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों की सराहना
गुरुग्राम, 18 जून (हि.स.)। गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. संजय कौशिक के सफल नेतृत्व का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन, चेयरपर्सन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति, शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और विकास के लिए उनके नेतृत्व की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया और भविष्य की उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान कुलपति डा. संजय कौशिक ने स्टाफ सदस्यों के साथ केक भी काटा। कुलपति डा. संजय कौशिक ने कहा कि गुरुग्राम यूनिवर्सिटी को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में विश्वविद्यालय में नए कोर्स शुरू किए गए, इंडस्ट्री लिंकेज बढ़ाए गए और छात्रों को प्लेसमेंट के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि एनईपी 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रमों को अपडेट कर स्किल बेस्ड एजुकेशन पर जोर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए फैकल्टी और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों को भी बराबर महत्व दिया गया है, ताकि छात्रों का समग्र विकास हो सके। कार्यक्रम में स्टाफ सदस्यों ने कहा कि कुलपति डा. संजय कौशिक के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, अनुशासन और नवाचार को बढ़ावा मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

