गुरुग्राम: विदेशी नंबर से कॉल कर फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: विदेशी नंबर से कॉल कर फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार


-फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में वाइन-शॉप मालिक से मांगी थी फिरौती

गुरुग्राम, 29 अक्टूबर (हि.स.)। विदेशी वर्चुअल नंबर से कॉल कर वाइन-शॉप मालिक से फिरौती मांगने के मामले में फर्रुखनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों में एक 15 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार वाइन-शॉप के लाइसेंस धारक ने 28 अक्टूबर को शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर को दोपहर 12:41 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को अमेरिका से बोलने वाला अपराधी बताते हुए पैसों की मांग की और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत पर थाना फरुखनगर में केस दर्ज किया गया। उप-निरीक्षक लोकेश कुमार के नेतृत्व में अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रेसिंग के आधार पर केस दर्ज होने के कुछ घंटों में ही दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान सुमित (25 वर्ष) निवासी गांव सिकंदरपुर बढा गुरुग्राम के रूप में हुई है।

वह 10वीं पास है और गुरुग्राम कोर्ट में एक वकील के पास मुंशी का काम करता है। दूसरा आरोपी 15 वर्षीय नाबालिग साथी आठवीं कक्षा का छात्र है। पूछताछ में सामने आया कि सुमित ने इंटरनेट से जानकारी लेकर एक वर्चुअल विदेशी नंबर बनाया था। योजना के तहत नाबालिग ने वाइन-शॉप मालिक को कॉल कर फिरौती मांगी थी, जबकि पैसे लेने की जिम्मेदारी सुमित की थी। अगर शिकायतकर्ता फिरौती देने को राजी हो जाता तो सुमित ही रकम लेने जाता। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य सबूतों की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768756 Articles

Share this story