गुरुग्राम में दो बसों की आमने-सामने टक्कर, एक दर्जन यात्री घायल
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
गुरुग्राम, 02 जून (हि.स.)। फर्रूखनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फर्रूखनगर -झज्जर रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने दो निजी बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों बसों के चालक समेत करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार महलावत बस सर्विस की एक बस और झज्जर-गुरुग्राम रूट पर चलने वाली एक निजी बस आमने-सामने आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी, जिसके चलते टक्कर काफी जोरदार हुई। हादसे में दोनों बस चालकों को चोटें आईं, जबकि बसों में सवार चार से पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही फर्रूखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बसों से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु रूप से शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिन्हें बाद में नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस चालकों की लापरवाही और असावधानी माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

