गुरुग्राम: मारपीट करने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद

गुरुग्राम, 13 नंबवर (हि.स.)। गाली-गलौज करने पर मारपीट करने के मामले में पुलिस चौकी अर्जुन नगर की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार (उम्र-25 वर्ष), साहिल (उम्र-26 वर्ष) व लोकेश निवासी नई बस्ती गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 12 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी अर्जुन नगर, गुरुग्राम में शिकायत के माध्यम से बताया कि 11 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक वह अपनी मोटरसाइकिल पर वाल्मीकि मंदिर नई बस्ती गुरुग्राम के पास खड़ा था। इसी दौरान तुषार उर्फ निखिल, साहिल तथा अन्य व्यक्ति वहां आए और उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। जब उसने भागने की कोशिश की तो वह गिर गया। जिसके बाद उन व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वे व्यक्ति उसको स्कूटी पर डालकर लेकर आए और उसके घर के बाहर फेंक दिया। पीडि़त की इस शिकायत पर थाना न्यू कॉलोनी गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। पुलिस चौकी अर्जुन नगर की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को शुक्रवार को नई बस्ती गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि शिकायतकर्ता आरोपियों के घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। जब आरोपियों ने शिकायतकर्ता को जाने के लिए कहा तो वह नहीं गया। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला है कि उन पर लड़ाई-झगड़ा करने के दो-दो केस दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी भी बरामद की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story