गुरुग्राम: मानेसर में बनेगा लेक व्यू पार्क:इंद्रजीत कौर यादव
-क्षेत्र का विकास होने से साकार होगा विकसित भारत का सपना
-निगम क्षेत्र के सभी गांवों में बनाए जाएंगे स्वागत द्वारगुरुग्राम, 18 दिसंबर (हि.स.)। नगर निगम मानेसर क्षेत्र में गुरुग्राम के लेजर वैली की तर्ज पर गांव कासन में एक लेक व्यू पार्क विकसित किया जाएगा। निगम क्षेत्र में ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करके स्ट्रीट लाइटों से जगमग किया जाएगा। प्रत्येक गांव में स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। यह बात मानेसर की मेयर डा. इंद्रजीत कौर यादव ने गुरुवार को अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने बताया कि वित्त एवं संविदा कमेटी ने निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड गांव में विकास कार्यों के लिए 132 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। अगले कुछ महीनों में सभी काम धरातल पर नजर आएंगे। मेयर ने बताया कि कमेटी में 37 विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। जिसमें डिवीजन-1 में 22 और डिवीजन-2 में 11 अलग-अलग विकास कार्य होंगे। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित काम शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल ही में निगम क्षेत्र की कूड़े से संबंधित समस्या का स्थायी समाधान शुरू करने की पहल कर दी गई है। अगले पांच सालों के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा उठाना शुरू हो गया है। निगम के 20 वार्डों के सभी 31 गांवों और करीब 80 रिहायशी सोसाइटियों से कूड़ा उठान शुरू हो चुका है।
जल्द ही इसके परिणाम देखने को मिलेेंगे। इसी प्रकार जल संरक्षण के लिए निगम क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनाए जाएंगे। प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी सहायक सफाई निरीक्षकों को खुले में कूड़ा डालने, कूड़े में आग लगाने वालों का चालान करने की शक्तियां दी गई है। इसके अलावा उन्होंने मेयर आपके द्वार कार्यक्रम के तहत लगाए जाने वाले जनता दरबार के बारे में बताते हुए कहा कि निगम क्षेत्रवासियों की नगर निगम के प्रति धारणा बदली है। लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आएं हैं। जनता दरबार में आमजन की समस्याओं को उनके बीच जाकर सुना जाता है और उनपर त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

