गुरुग्राम: मानेसर निगम के सभी गांवों में बनाए जाएंगें स्वागत द्वार: डा. इद्रजीत कौर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मानेसर निगम के सभी गांवों में बनाए जाएंगें स्वागत द्वार: डा. इद्रजीत कौर


-मेयर ने रामपुरा में किया स्वागत द्वार का शिलान्यास

गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने सोमवार को वार्ड-18 के गांव रामपुरा में निगम की ओर से बनाए जाने वाले मुख्य स्वागत द्वार का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी गांवों में मुख्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इन द्वारों से गांवों की पहचान को नया स्वरूप मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रवेश यादव व ग्रामीणों ने मेयर का स्वागत किया। गांव में करवाए जा रहे विकास कार्यों को लेकर उनका आभार व्यक्त किया।

मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि गांव हमारी पहचान और संस्कृति की आधारशिला है। नगर निगम क्षेत्र में शामिल सभी गांवों के विकास और सौंदर्यीकरण पर निगम की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है। स्वागत द्वार केवल गांव के प्रवेश का प्रतीक नहीं होंगे, बल्कि इनके माध्यम से प्रत्येक गांव की अलग पहचान भी मिलेगी। निगम की योजना है कि सभी गांवों में एक समान रूप से आकर्षक और मजबूत मुख्य द्वार तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि निगम बनने के बाद गांवों में विकास कार्यों की गति बढ़ी है और निगम का प्रयास है कि शहरों की तर्ज पर गांवों में भी बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो। सडक़, पेयजल, सीवर, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सफाई और पार्कों सहित विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है।

उन्होंने ग्रामीणों से भी विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वागत द्वार का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से करवाया जाए और कार्य को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में अन्य आवश्यक विकास कार्यों से संबंधित मांगे भी मेयर के समक्ष रखी। मेयर ने संबंधित अधिकारियों से इन मांगों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story