गुरुग्राम: महिलाएं अपने आप में एक मजबूत शक्ति हैं: संगीता दास

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: महिलाएं अपने आप में एक मजबूत शक्ति हैं: संगीता दास


-सरहौल में नारी सशक्तिकरण एवं सुरक्षा पर हुई कार्यशाला

-महिलाओं को दी उनके अधिकारों, कानूनों व सुरक्षा उपायों की जानकारी

गुरुग्राम, 15 दिसंबर (हि.स.)। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर गुरुग्राम पुलिस की पहल तथा समाजसेविका मधु के सहयोग, समन्वय से सेक्टर-18 स्थित सरहौल स्थित अंबेडकर भवन में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाने पर चर्चा की गई।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता के रूप में एडुटेनमेंट कुटुंब एनजीओ की अध्यक्ष संगीता दास रहीं। उन्होंने नारी सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक सुधार पर अपने प्रेरणादायक विचार सांझा किये। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने आप में एक मजबूत शक्ति हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मबल, आत्मसम्मान और जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से एक सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज की दिशा में यह एक सार्थक पहल सिद्ध हुई। यह कार्यशाला महिलाओं के लिए ज्ञान, संवाद और सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बनी।

कार्यक्रम में महिला थाना पश्चिम गुरुग्राम से उप-निरीक्षक पूनम एवं मुख्य आरक्षी मोनिका ने महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा पुलिस सहायता तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को किसी भी स्थिति में निडर होकर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस नारी सशक्तिकरण एवं सुरक्षा कार्यशाला के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, आत्मरक्षा के उपायों, साइबर सुरक्षा तथा आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। साथ ही महिलाओं को अपनी समस्याएं खुलकर सांझा करने तथा उनके समाधान पर संवाद करने का अवसर भी मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story