गुरुग्राम: प्रॉपर्टी खरीदारों से करोड़ों की धोखाधड़ी, सीबीआई ने दर्ज की 11वीं चार्जशीट

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 08 जून (हि.स.)। यहां एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में घर खरीदारों से धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रियल्टी फर्म मैसर्स नाइनेक्स डेवलपर्स और उसके निदेशक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह सीबीआई द्वारा दायर की गई 11वीं चार्जशीट है।

सीबीआई की जांच में सामने आया कि बिल्डर ने खरीदारों को पजेशन और सुविधाओं के झूठे आश्वासन देकर गुमराह किया और करोड़ों रुपये की ठगी की। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सीबीआई देशभर में बिल्डरों द्वारा की गई धोखाधड़ी के करीब 50 मामलों की जांच कर रही है।

आर्थिक अपराध शाखा की जांच के अनुसार नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड ने गुरुग्राम स्थित अपने प्रमुख हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए विज्ञापन और मार्केटिंग में बड़े-बड़े दावे किए थे। मध्यमवर्गीय परिवारों और निवेशकों ने अपनी जीवनभर की पूंजी इस प्रोजेक्ट में लगा दी। आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी बिल्डर ने तय समय में प्रोजेक्ट पूरा नहीं किया। जब खरीदारों ने देरी पर सवाल उठाए तो उन्हें लगातार गुमराह किया गया और पजेशन की झूठी तारीखें दी गईं। जांच अधिकारियों का कहना है कि कंपनी और निदेशक का मकसद खरीदारों को धोखे में रखकर फंड जुटाना था, जिसे बाद में अन्य जगह डायवर्ट कर दिया गया। रियल एस्टेट क्षेत्र में खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत के आदेश पर ही सीबीआई को देशभर में डिफाल्टर और धोखाधड़ी करने वाले बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया था। नाइनेक्स डेवलपर्स के खिलाफ यह कार्रवाई उसी का हिस्सा है।

दिल्ली-एनसीआर सहित देशभर में रियल एस्टेट सेक्टर में हजारों लोग ऐसे बिल्डरों से प्रभावित हुए हैं। गुरुग्राम को प्रमुख रियल एस्टेट हब माना जाता है, लेकिन यहां पिछले कुछ सालों में खरीदारों से धोखाधड़ी के कई मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सीबीआई की लगातार कार्रवाई से उन डिफाल्टर बिल्डरों पर दबाव बढ़ेगा जो रेरा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इस चार्जशीट से उन हजारों खरीदारों में उम्मीद जगी है जो सालों से अपने आशियाने के लिए अदालतों और पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। सीबीआई अब नामजद आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में सख्त सजा और पीडि़तों के रिफंड या पजेशन की प्रक्रिया तेज करने का प्रयास करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story