गुरुग्राम: पॉक्सो एक्ट के तहत 10 साल की सजा काट रहे कैदी की मौत
मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरूगुरुग्राम, 19 मार्च (हि.स.)। यहां भौंडसी जेल में पॉक्सो एक्ट के तहत 10 साल की सजा काट रहे एक कैदी की मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव का मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी अनुसार मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले 35 वर्षीय भारत गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। वर्ष 2013 में उसकी शादी हुई थी और उसका 11 साल का बेटा है। भोंडसी थाने के अंतर्गत दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में भारत को अदालत से 10 साल की सजा हुई थी। बुधवार की शाम को साढ़े चार बजे जेल में ही उसकी तबियत खराब हो गई। जिसे जेल की डिस्पेंसरी में ले जाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, जेल डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार के बाद जब कैदी भारत को जेल गारद द्वारा सेक्टर-10 सिविल अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना भोंडसी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। भोंडसी थाना पुलिस के अनुसार मामले में मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

