गुरुग्राम: निर्वाचन कार्यों में लापरवाही करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: उत्तम सिंह

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: निर्वाचन कार्यों में लापरवाही करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: उत्तम सिंह


-विशेष गहन पुनरीक्षण 2026

गुरुग्राम, 18 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यों की शुचिता एवं मतदाता सूची की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए गुरुग्राम सहित प्रदेश भर में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह बात उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कही।

उन्होंने बताया कि आयोग ने बूथ लेवल अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के तहत निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या आयोग के निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा। उत्तम सिंह ने बताया कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत निर्वाचन पंजीयन अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की स्वीकृति से बीएलओ की नियुक्ति की जाती है। नियुक्ति के उपरांत बीएलओ भारत निर्वाचन आयोग के अधीन प्रतिनियुक्ति पर माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई बीएलओ निर्वाचन कार्यों के निर्वहन में लापरवाही, कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता, आयोग के निर्देशों की अवहेलना अथवा मतदाता सूची की शुद्धता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ तथा निर्वाचन कार्यों से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण सहित सभी निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story