गुरुग्राम नगर निगम टॉप 1000 प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर्स को भेजेगा रिकवरी नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम नगर निगम टॉप 1000 प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर्स को भेजेगा रिकवरी नोटिस


-टैक्स नहीं भरा तो प्रॉपर्टी की जाएंगी सील

गुरुग्राम, 24 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। निगम क्षेत्र के टॉप-1000 डिफॉल्टर्स की सूची तैयार कर उन्हें रिकवरी नोटिस भेजे जाएंगे। नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं कराने वालों की प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई भी तेज की जाएगी।

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जोनवार टैक्स की मांग, वसूली और लंबित बकाया राशि की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने टॉप-1000 बकायेदारों की सूची प्राथमिकता से तैयार करने और उन्हें रिकवरी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नोटिस की समय पर तामील के लिए बाहरी एजेंसी नियुक्त की जाएगी। एजेंसी की नियुक्ति होने तक संबंधित जोन के क्लर्क और एलबी मेकर फील्ड में जाकर नोटिस वितरित करेंगे। इसके लिए वास्तविक ईंधन खर्च की प्रतिपूर्ति निगम करेगा।

बकायेदारों पर दबाव बनाने और भुगतान के लिए फॉलोअप करने के उद्देश्य से उनकी सूची एमसीजी कॉल सेंटर को भी दी जाएगी। कॉल सेंटर के कर्मचारी फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से बकायेदारों से संपर्क कर टैक्स जमा कराने की अपील करेंगे।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि रिकवरी नोटिस की तामील के बाद भी भुगतान नहीं करने वाली प्रॉपर्टीज को सील करने की कार्रवाई तेज की जाए। पूरी प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत होगी। बैठक में कर्मचारियों को नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने और शिकायतों का समय पर समाधान करने की हिदायत भी दी गई। दुव्र्यवहार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर एचकेआरएन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने तथा नियमित कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अगली समीक्षा बैठक में सभी जोन के अधिकारियों को टैक्स वसूली, नोटिस वितरण और सीलिंग कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story