गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय निर्माण पूरा होने के तय समय में डेढ़ माह से भी कम समय शेष
-पांच साल में अब तक भवन का 87.7 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा
-31 अगस्त 2021 को काम शुरू हुआ था, 31 दिसंबर 2026 तक का लक्ष्य
-निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
-अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने महरौली-गुरुग्राम रोड स्थित व्यापार केंद्र में निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भवन के शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका एवं रविंद्र यादव, कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार और सहायक अभियंता सुमित कुमार उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से शेष कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करें। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य 31 अगस्त 2021 को शुरू हुआ था और इसे 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का निर्धारित लक्ष्य है। भवन के निर्माण कार्य का लगभग 87.7 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। तीनों बेसमेंट, भूतल से दसवीं मंजिल तक का ढांचा और छत का निर्माण पूरा हो चुका है। पहली से आठवीं मंजिल तक फिनिशिंग, प्लंबिंग, अग्निशमन और विद्युत संबंधी अधिकांश कार्य पूरे हैं, जबकि कुछ शेष फिनिशिंग एवं तकनीकी कार्य जारी हैं। भूतल, नौवीं और दसवीं मंजिल पर भी फिनिशिंग तथा अन्य तकनीकी कार्य प्रगति पर हैं। बेसमेंट में कुछ विद्युत उपकरणों और अन्य सुविधाओं की स्थापना का कार्य शेष है।
बाहरी हिस्से और तकनीकी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
परियोजना की बाहरी विकास गतिविधियों में चारदीवारी, सुरक्षा कक्ष और पैनल रूम से संबंधित सिविल कार्य पूरे हो चुके हैं। सडक़ के लिए मिट्टी संबंधी कार्य, अर्थिंग तथा सीवर और वर्षा जल निकासी चैंबर का काम भी पूरा हो गया है। भवन के बाहरी हिस्से में एसीपी क्लैडिंग का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा है, जबकि सामने की ओर फसाड फ्रेमिंग का कार्य पूरा हो चुका है और ग्लेजिंग का काम जारी है। शेष कार्यों में फिनिशिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग (एमईपी) प्रणालियों की स्थापना, परीक्षण और संचालन शुरू करने से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। निगमायुक्त ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को इन कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर शेष कार्यों को समय पर पूरा करवाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

