गुरुग्राम नगर निगम का 26 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार काम पूरा होने का दावा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम नगर निगम का 26 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार काम पूरा होने का दावा


-विभिन्न क्षेत्रों में स्थायी समाधान के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ था अभियान

-निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने की एसएमसी प्रगति की समीक्षा

गुरुग्राम, 01 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम के अंतर्गत विभिन्न कॉलोनियों एवं गांवों में सीवरेज से संबंधित समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में गठित सीवरेज मैनेजमेंट सेल (एसएमसी) को बड़ी सफलता मिलने का दावा निगम की ओर से किया गया है। सेल द्वारा चिन्हित 41 क्षेत्रों में सीवरेज सुधार कार्य शुरू किए गए थे, जिनमें से 26 क्षेत्रों में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि छह अन्य क्षेत्रों में कार्य अंतिम चरण में है।

मंगलवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में आयोजित सीवरेज मैनेजमेंट सेल की प्रगति समीक्षा बैठक में दी गई।

बैठक में सेल के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सीवरेज सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। शेष कार्यों को भी प्रभावी तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई। बैठक में एसएमसी द्वारा शहर की सीवरेज एवं जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 26 क्षेत्रों में 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। इनमें सीवर लाइनों की सफाई, डी-सिल्टिंग, नई सीवर लाइन एवं संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य शामिल हैं। बैठक में बताया गया कि उमंग भारद्वाज चौक, सरस्वती एन्क्लेव, वार्ड-9 व 10, बसई, कादीपुर एन्क्लेव, खांडसा, इंदिरा कॉलोनी, नरसिंहपुर तथा बहरामपुर क्षेत्रों में विभिन्न सीवर कार्य पूरे किए गए हैं। धर्मी ठेका से बहरामपुर एसटीपी तक करीब 2.3 किलोमीटर लंबी 900 एमएम सीवर लाइन की डी-सिल्टिंग भी 100 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।

बादशाहपुर, नूरपुर, देवी लाल कॉलोनी, सेक्टर-38, इस्लामपुर, सेक्टर-31, सेक्टर-40 और प्रेमपुरी सहित कई क्षेत्रों में बकेट मशीन एवं सुपर सकर मशीन से सीवर लाइनों की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य पूरा किया गया है।

उल्लावास, बंधवाड़ी, चक्करपुर, कन्हई, सेक्टर-45, संजय ग्राम, आचार्यपुरी, गंगा विहार, सेक्टर-12ए, शिवाजी नगर, राजेंद्र पार्क और धनवापुर में भी विभिन्न सीवरेज कार्य पूर्ण किए गए हैं। चक्करपुर में करीब 10 किलोमीटर तथा कन्हई-सेक्टर-45 में करीब 5,835 मीटर सीवर लाइन की सफाई एवं डी-सिल्टिंग पूरी हुई है।

इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क की कार्यक्षमता बेहतर होने तथा नागरिकों को सुचारु सीवरेज सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली है। एमसीजी द्वारा सीवरेज समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सफाई, डी-सिल्टिंग एवं आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story