गुरुग्राम: दुकानों के बाहर कूड़ा डालने व डस्टबिन न रखने पर 32 दुकानदारों के चालान
-एमसीजी ने इस्लामपुर, सिकंदरपुर और सदर बाजार में की कार्रवाई
गुरुग्राम, 19 सितंबर (हि.स.)। दुकानों के बाहर कूड़ा डालने और डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) की टीम ने शनिवार को विभिन्न बाजार क्षेत्रों में अभियान चलाकर 32 दुकानदारों के चालान किए और कुल 91,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
एमसीजी की टीम ने इस्लामपुर में कार्रवाई करते हुए 31,500 रुपये, सिकंदरपुर फर्नीचर मार्केट में 50 हजार रुपये और सदर बाजार में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निगम अधिकारियों के अनुसार, दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर कूड़ा नहीं डालने और डस्टबिन रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निगम की टीम कार्रवाई के साथ दुकानदारों और बाजार में आने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी दुकानों के आसपास सफाई रखें और कचरे का उचित प्रबंधन करें। एमसीजी ने स्पष्ट किया है कि खुले में कूड़ा डालने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने दुकानदारों और बाजार के अन्य हितधारकों से डस्टबिन रखने तथा दुकानों के बाहर कचरा नहीं डालने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

