गुरुग्राम: तेज रफ्तार ट्रक ने होमगार्ड को कुचला, ड्यूटी के दौरान हुई दर्दनाक मौत
-बैरिकेड तोडक़र पुलिस नाकाबंदी में घुसा ट्रक मिक्सर, चालक वाहन छोडक़र फरार
गुरुग्राम, 03 जून (हि.स.)। सेक्टर-65 क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान की मौत हो गई। वल्र्ड मार्क मॉल के सामने नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार ट्रक मिक्सर बैरिकेड तोड़ते हुए पुलिस टीम में जा घुसा और होमगार्ड संदीप कुमार को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात सेक्टर-65 स्थित वल्र्ड मार्क मॉल के सामने सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी की गई थी। टीम में कॉन्स्टेबल सुमित, कॉन्स्टेबल मनजीत, एसपीओ राजकुमार और होमगार्ड संदीप कुमार शामिल थे। सभी पुलिसकर्मी वाहनों की जांच और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।
होम गार्ड संदीप कुमार सडक़ किनारे लगे बैरिकेड को व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रक मिक्सर के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सीधे बैरिकेड में टक्कर मार दी। ट्रक ने पहले दो बैरिकेड तोड़ दिए और फिर संदीप कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रक ने आगे खड़ी कॉन्स्टेबल सुमित की निजी ब्रेजा कार को भी टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद घायल संदीप को सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-65 थाना प्रभारी रामवीर ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि उनका तीन दिन पहले ही भिवानी से गुरुग्राम तबादला हुआ था। बुधवार को सेक्टर-65 थाना प्रभारी रामबीर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

