गुरुग्राम: ठगी करने वाले गिरोह को खाता देने वाला आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now

-गेट पास के पांच रुपये ट्रांसफर करने और भुगतान दोगुना वापस करने का झांसा दिया

गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। सीआईएसएफ कर्मचारी बनकर सामान खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर अपराध थाना पश्चिम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दौलत (26) निवासी गांव मध्यकी, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी को नूंह से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर पश्चिम में शिकायत दी थी कि उसे एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को सीआईएसएफ कर्मचारी बताया। उसे पैकिंग मटेरियल का ऑर्डर दिया। सामान सप्लाई के बाद आरोपी ने गेट पास के नाम पर पांच रुपये ट्रांसफर करने और भुगतान दोगुना वापस करने का झांसा दिया। इसी तरह बिल भुगतान का लालच देकर पीडि़त से करीब 1.63 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत पर थाना साइबर पश्चिम में केस दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब एक लाख रुपये दौलत के खाते में और 63 हजार रुपये उसकी पत्नी के खाते में आए थे। आरोपी ने अपने और पत्नी के दोनों खाते साइबर ठगों को 20 हजार रुपये में उपलब्ध कराए थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story