गुरुग्राम: घामड़ोज टोल प्लाजा पर लाठी-डंडों से लैस युवकों ने काटा बवाल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: घामड़ोज टोल प्लाजा पर लाठी-डंडों से लैस युवकों ने काटा बवाल


-एक युवक से मारपीट करने पर किया कर्मचारियों पर हमला

गुरुग्राम, 12 मई (हि.स.)। यहां गुरुग्राम-सोहना मार्ग स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर लाठी-डंडों से लैस युवकों ने जमकर बवाल काटा। टोल कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में आधा दर्जन टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पहले टोल के कर्मचारियों ने सोहना के एक युवक के साथ बदसलूकी करते हुए उसकी कार पर हमला किया था।

जानकारी के अनुसार सोहना निवासी एक युवक कार से गुरुग्राम ड्यूटी पर आ रहा था। वह घामड़ोज टोल पर पास बनवाने के लिए ठहरा था। इसी बीच वहां के सुरक्षा कर्मी ने उसकी कार पर बैरिकेड मार दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया गया। इसी घटना से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को टोल पर कर्मचारियों पर हमला बोला। इस दौरान आधा दर्जन टोलकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ग्रामीण हमलावरों ने टोल कार्यालय में भी तोडफ़ोड़ की। घायल टोलकर्मियों को पहले सोहना नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को गुरुग्राम नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की पूरी वारदात कैद हो गई है। घटना की सूचना पर भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story