गुरुग्राम: अपने आसपास की गली ट्रैप को करें एडॉप्ट: प्रदीप दहिया

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: अपने आसपास की गली ट्रैप को करें एडॉप्ट: प्रदीप दहिया


-निगमायुक्त प्रदीप दहिया की नागरिकों से अपील

-घर के आसपास की जीटी पर रखें नजर

गुरुग्राम, 06 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहरभर में रोड गली ट्रैप (जीटी) की नियमित सफाई की जा रही है। इसके बावजूद कई बार कूड़ा, प्लास्टिक, पॉलीथिन, पत्तियां, मिट्टी या मलबा जमा होने के कारण जल निकासी द्वार अवरुद्ध हो जाते हैं, जिससे बारिश का पानी सडक़ों और गलियों में जमा होने की समस्या उत्पन्न होती है।

इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों से जीटी को एडॉप्ट करें की अपील की है। नागरिक अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान के आसपास स्थित गली ट्रैप पर नियमित नजर रखें और जल निकासी में छोटा-मोटा अवरोध दिखाई देने पर सुरक्षित तरीके से उसे हटाकर नगर निगम का सहयोग करें। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान या दिन में अपने आसपास आते-जाते समय नजदीकी जीटी की स्थिति पर ध्यान दें। यदि किसी जीटी के जल निकासी द्वार पर प्लास्टिक, पत्तियां या अन्य हल्का कचरा जमा दिखाई देता है और उसे सुरक्षित रूप से हटाया जा सकता है।

कूड़ा, मलबा और प्लास्टिक डालने वालों को रोकें

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि गली ट्रैप वर्षा जल निकासी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनमें कूड़ा, मलबा, प्लास्टिक या अन्य सामग्री डालने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है। यदि कोई व्यक्ति जान-बूझकर जीटी में कूड़ा, मलबा या प्लास्टिक डालकर अवरोध पैदा करता है, तो नागरिक उसे ऐसा करने से रोकें और मामले की सूचना नगर निगम गुरुग्राम को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की टीमें गली ट्रैप और जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई कर रही हैं, लेकिन बारिश के दौरान कूड़ा एवं प्लास्टिक बहकर दोबारा जीटी के मुहाने पर जमा हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story