गरीबों को पक्के आवास देकर सरकार ने सामाजिक सुरक्षा को किया मजबूत : कृष्ण पाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
गरीबों को पक्के आवास देकर सरकार ने सामाजिक सुरक्षा को किया मजबूत : कृष्ण पाल गुर्जर


-केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने 148 लाभार्थियों को सौंपी 100-100 गज के प्लाटों की रजिस्ट्री

फरीदाबाद, 14 जून (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने गांव फतेहपुर बिल्लोच के 148 पात्र लाभार्थियों को हरियाणा सरकार द्वारा आवंटित 100-100 गज के प्लाटों की रजिस्ट्री वितरित कर उन्हें मालिकाना हक प्रदान किया। इस अवसर पर लाभार्थियों एवं उनके परिवारजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रविवार को सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ गरीबों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन लाभार्थियों को प्लाटों की रजिस्ट्री प्रदान की गई है, उनके लिए यह केवल एक दस्तावेज नहीं बल्कि सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य की गारंटी है। मालिकाना हक मिलने से परिवारों को सामाजिक और आर्थिक मजबूती प्राप्त होगी तथा वे अपने सपनों का घर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक देशभर में लगभग 4 करोड़ से अधिक पक्के आवास जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं, जिनका सीधा लाभ करोड़ों नागरिकों को मिला है। उन्होंने कहा कि हर घर शौचालय, आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्र, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को प्रति माह 5 किलोग्राम मुफ्त राशन उपलब्ध करवाने जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाता रहेगा। इस अवसर पर एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, अनेक गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story